हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भरमौर से हड़सर की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के सामने अचानक पहाड़ी से भारी भरकम मलबा और पत्थर गिरने शुरू हो गए। जिस समय यह भूस्खलन हुआ, बस में 15 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्थरों की गड़गड़ाहट सुनते ही बस चालक ने सूझबूझ दिखाई और मलबे की चपेट में आने से ठीक पहले बस को सुरक्षित पीछे रोक लिया। यदि बस चंद सेकंड भी आगे होती, तो वह सीधे मलबे की चपेट में आकर गहरी खाई में समा सकती थी। इस घटना में बस का अगला हिस्सा पत्थरों की चपेट में आने से थोड़ा क्षतिग्रस्त हुआ है और कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे-154ए पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिला प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते हुए जेसीबी मशीनों को मौके पर भेजा ताकि मार्ग को साफ किया जा सके। टीमें भी राहत कार्य में जुटी हुई हैं। मानसून से पहले हो रही इस बेमौसमी बारिश ने पहाड़ों को कच्चा कर दिया है, जिससे चम्बा के दुर्गम इलाकों में सफर करना खतरनाक होता जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय सफर करने से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।






Leave a Reply